भोपाल में महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालत में माैत, बेड पर मृत मिली, चार महीने पहले हुई थी शादी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालत में माैत, बेड पर मृत मिली, चार महीने पहले हुई थी शादी


भोपाल, 21 मार्च (हि.स.)। राजधानी भाेपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह वह बेड पर बेसुध पड़ी मिली। उसके हाथ पर इंजेक्शन के निशान मिले हैं। पति उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला डाॅक्टर की हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मृतिका की शादी चार महीने पहले हुई थी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कामय कर सुसाइड के एंगल से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार डॉ. रिचा पांडे (25) मूल रूप से लखनऊ की रहने वाली थी। उनकी शादी चार महीने पहले सतना के रहने वाले डॉ. अभिजीत पांडे से हुई थी। अभिजीत डेन्टिस्ट हैं। उनका एमपी नगर में प्राइवेट क्लिनिक हैं। दंपती शाहपुरा में एक कवर्ड कैंपस में रहते थे। एएसआई महेंद्र चौकसे ने बताया कि बंसल अस्पताल से सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में डॉक्टर रिचा के हाथ में इंजेक्शन लगाने के निशान मिले हैं। मामला संदिग्ध है। एनेस्थीसिया के इंजेक्शन लेकर सुसाइड करने की आशंका है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य एंगल पर भी जांच की जा रही है। फिलहाल शाहपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पति और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

इधर मृतिका के पति अभिजीत पांडे ने बताया कि बैक पैन की शिकायत के चलते वह गुरुवार रात काे अलग कमरे में सोए थे। इससे पहले रात में दोनों ने साथ खाना खाया था। शुक्रवार सुबह जब रिचा के कमरे का गेट नहीं खुला तब मजदूरों को बुलाकर गेट को तुड़वाया। पत्नी बेसुध हालत में बिस्तर पर पड़ी थी। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तत्काल उसे बंसल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। मृतिका डॉक्टर के चाचा प्रकाशचंद पांडे ने दामाद पर गंभीर आराेप लगाए है। उनका कहना है कि दामाद का आचरण ठीक नहीं था। उसने पुलिस को गेट तोड़कर रिचा को अस्पताल पहुंचाने की बात कही है। लेकिन, हमें उसकी बातों पर शंका है। भतीजी की मौत संदिग्ध हालातों में हुई है। उसकी हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। रिचा की मां और पिता लखनऊ में रहते हैं। पुलिस ने उन्हें बेटी की मौत की सूचना दे दी है। शुक्रवार रात तक फ्लाइट से उनके भोपाल आने की संभावना है। एएसआई महेंद्र चौकसे के मुताबिक बॉडी का पोस्टमार्टम शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story

News Hub