जम्मू में स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक महोत्सव में होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक महोत्सव में होंगे शामिल


जम्मू, 23 मार्च (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री और कुंवरानी रितु सिंह ने हरिनिवास में भव्य स्वागत किया। स्वामी जी जम्मू-कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव में भाग लेने के लिए पधारे हैं। इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट, रायपुर ठठर, जम्मू द्वारा किया जा रहा है। यह विशेष अवसर 25 मार्च 2025 को दोपहर 3 बजे शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, जम्मू (स्कॉस्ट-जे) के भव्य प्रांगण में आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जम्मू-कश्मीर के माननीय उपराज्यपाल महामहिम मनोज सिन्हा जी होंगे, जो इस प्रतिष्ठित अवसर की शोभा बढ़ाएंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है। स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज के आगमन से जम्मू और कश्मीर के भक्तों और अनुयायियों के बीच हर्ष और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। स्वामी जी अपनी दिव्य वाणी और आध्यात्मिक उपदेशों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह का मार्गदर्शन करेंगे। उनके आशीर्वाद से भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति की अनुभूति होगी।

इस भव्य आयोजन का नेतृत्व श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से वैदिक संस्कृति और सनातन धर्म की मूल शिक्षाओं को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया जाएगा। इस भव्य सांस्कृतिक महोत्सव में जम्मू-कश्मीर के अनेक गणमान्य व्यक्तित्व, विद्वान, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल होंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भजन संध्याओं और वैदिक मंत्रोच्चारण का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे भक्तजन आध्यात्मिक शांति और भक्ति का अनुभव करेंगे।

महंत रोहित शास्त्री ने समस्त भक्तजनों और श्रद्धालुओं से इस शुभ अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है, ताकि इस दिव्य आयोजन का लाभ सभी को प्राप्त हो सके। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट इस आयोजन के माध्यम से संपूर्ण समाज को वैदिक संस्कृति और भारतीय परंपराओं के प्रति जागरूक करने और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के अपने संकल्प को साकार कर रहा है। जम्मू इस अवसर पर कुंवरानी रितु सिंह आदि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story

News Hub