फरीदाबाद में टोल रेट बढ़ा, एक अप्रैल से होगा लागू

फरीदाबाद, 28 मार्च (हि.स.)। फरीदाबाद-पलवल के बीच में पढऩे वाले गदपुरी टोल प्लाजा पर टोल रेट में पांच रुपए से लेकर 20 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। स्थानीय वाहन चालकों के मंथली पास में भी 10 रूपए की बढ़त की गई है। टोल प्लाजा पर एक अप्रैल से नए टोल रेट लागू हो जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गदपुरी टोल प्लाजा पर सालाना बढ़त वाली रेट दर को जारी कर दिया है। नई रेट दर में टोल पर जहां पहले कार से एक तरफ का टोल 120 रूपए वसूला जाता था, अब उसमें 5 रूपए बढ़ाकर 125 रूपए कर दिया है। जबकि दोनों तरफ से पहले 180 रूपए लिए जाते थे। लेकिन अब 185 रूपए लिए जाएंगे। इसी प्रकार कॉमर्शियल वाहन से एक तरफ से 190 की बजाय 195 रूपए और दोनों तरफ से 280 रूपए की बजाय 290 रूपए लिए जाएंगे। नई रेट सूची में भारी वाहनों से एक तरफ से 385 रूपए की जगह पर 400 और दोनों तरफ से 580 रूपए की जगह पर 600 रूपए निर्धारित किए गए है। गदपुरी टोल प्लाजा पर मंथली पास में 10 रूपए की बढ़ोतरी की गई है। टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों के लिए मंथली पास की सेवा उपलब्ध है। पहले स्थानीय वाहन चालकों को मंथली पास के लिए 340 रूपए देने पड़ते थे। लेकिन अब 1 अप्रैल से उनको मंथली पास के लिए 10 रूपए ज्यादा देने होंगे। अब मंथली पास 340 रूपए की जगह पर 350 रूपए का बनाया जाएगा। गदपुरी टोल अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि टोल के नए रेट 1 अप्रैल से लागू हो जाएंगे। एनएचएआई के द्वारा हर साल इन रेटों में इजाफा किया जाता है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को नए रेटों की जानकारी को लेकर कोई असमंजस न हो इसको लेकर नई रेट सूची को टोल बूथ पर लगा दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर