Varanasi Weather : अब बढ़ेगा तापमान, अगले सप्ताह फिर बदलेगा मौसम, जानिये मौसम विभाग का पूर्वानुमान

वाराणसी। इस समय बादलों की सक्रियता बढ़ गई है। पिछले दो-तीन दिनों से आसमान में बादल छाए रहने और धूप न निकलने की वजह से मौसम सुहाना है। हालांकि अब मौसम साफ होने और तापमान बढ़ने के आसार हैं। तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि अगले सप्ताह फिर मौसम बदलेगा और बादल छाएंगे।
मार्च में गर्मी और तपिश ने बेहाल किया। तीखी धूप और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया, लेकिन अप्रैल की शुरुआत से ही मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में बादलों की सक्रियता बढ़ गई। वहीं ठंडी हवाओं ने भी तापमान गिराया है। इससे इस समय मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि अब मौसम साफ होगा।
मौसम साफ होने के बाद फिर से तीखी धूप और तपिश झेलनी होगी। तापमान भी तेजी से ऊपर जाएगा। गुरुवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान औसत से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे यानी 36 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं रात का पारा सामान्य से 2.5 डिग्री कम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों की मानें को अगले 3-4 दिनों में तापमान बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। वहीं 9 अप्रैल को मौसम फिर बदलेगा। आसमान में बादल छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम में उतार-चढ़ाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।