बरेका ने फिर बनाया नया कीर्तिमान, वित्तीय वर्ष में 477 रेल इंजन बनाकर तोड़ा पिछला रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
बरेका ने फिर बनाया नया कीर्तिमान, वित्तीय वर्ष में 477 रेल इंजन बनाकर तोड़ा पिछला रिकॉर्ड


—मार्च महीने में रिकॉर्ड 61 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव का निर्माण

वाराणसी,31 मार्च (हि.स.)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका)ने एक बार फिर नया कीर्तिमान बनाया है। इस वित्तीय वर्ष 2024-25 की समाप्ति पर बरेका ने 477 रेल इंजनों का निर्माण कर उपलब्धियों की बड़ी लकीर खींच दिया है। किसी भी वित्तीय वर्ष में बरेका द्वारा किया गया अब तक का सर्वाधिक लोको उत्पादन है। इस उपलब्धि के तहत, बरेका ने भारतीय रेलवे के लिए 472 विद्युत रेल इंजन और 5 डीजल रेल इंजन घरेलू ग्राहकों के लिए निर्मित किए हैं। बरेका के अफसरों के अनुसार बरेका की स्थापना से लेकर अब तक कुल 10,687 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिसमें 2367 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। उत्कृष्ट उत्पादन के लिए 5 बार सर्वश्रेष्ठ उत्पादन इकाई का सम्मान प्राप्त करने वाले बरेका ने दिसंबर 2023 में 10,000वें लोकोमोटिव का निर्माण कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित करने का गौरव भी प्राप्त किया।

जनवरी और मार्च 2025 में ऐतिहासिक रिकॉर्ड

जनवरी 2025 में, बरेका ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 124 इलेक्ट्रिक लोको बोगियों का निर्माण किया, जो कि पूर्व में बनाए गए 110 बोगियों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए एक नया मील का पत्थर स्थापित करता है।

मार्च 2025 में, बरेका ने 61 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया, जो किसी भी एक माह में अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है।

रेल मंत्रालय ने दिया नया लक्ष्य

रेल मंत्रालय ने बरेका को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 500 विद्युत रेल इंजन निर्माण का लक्ष्य सौंपा है। बरेका महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों और महिला कर्मियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह सफलता बरेका के कर्मठ कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और रेलवे बोर्ड द्वारा दी गई चुनौतियों को स्वीकार करने की तत्परता का परिणाम है। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि बरेका नए वित्तीय वर्ष के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को भी सफलतापूर्वक प्राप्त करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story

News Hub