कांग्रेस के लिए राजनीति विकासवादी नहीं, व्यक्तिवादी है : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। आज की राजनीति विशेषकर उत्तराखंड की राजनीति मुद्दाविहीन और व्यक्तिवादी हो गई है। कांग्रेस की ओर से जो भी मुद्दे उठाए जाते है, वह जनहित से न जुड़े होकर व्यक्तिगत आरोपी प्रत्यारोप के हैं। कांग्रेस के लोग यदि जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करें तो और अच्छा हो। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट पत्रकारों से बातचीत में यह कहा।
उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि हमें अपनी बात सयंमपूर्वक रखनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा कार्य के साथ-साथ अपनी रिपोर्ट प्रतिवर्ष जनता तक पहुंचाती हैं। सरकार के तीन साल पूर्ण होने पर तीन साल की रिपोर्ट जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि हमने जनता से जो वायदे किए थे वह निभाये गए हैं। जिनमें यूसीसी जैसा महत्वपूर्ण कानून भी शामिल है। बलपूर्वक अथवा लालच देकर कराया गया धर्मांतरण, लैंड एवं लव जेहाद, कठोर भू-कानून, नकल अध्यादेश जैसे जनोपयोगी विषयों पर सरकार ने प्रभावी ढंग से कार्यवाही की है। प्रयास रहता है कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरा जाए।
उन्हाेंने कहा कि गत वर्ष 55 लाख से अधिक यात्री उत्तराखंड देवधामों के दर्शन को आए थे। यह कितना सौभाग्य है कि देश के प्रधानमंत्री अब तक 13 बार उत्तराखंड भ्रमण पर आ चुके हैं। इतना भ्रमण संभवत: उन्होंने गुजरात का भी नहीं किया होगा। यह इस बात का संकेत है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए उत्तराखंड कितना महत्वपूर्ण है। सोने में सुहागा यह है कि सर्वमौसमी सड़कें देने के बाद शीतकालीन धार्मिक स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने का काम प्रधानमंत्री ने किया है। प्रधानमंत्री बीते दिनों गंगा मां के मायके मुखवा दर्शन के लिए आए थे। भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा है जो मुखवा तक पहुंचे हैं।
उन्होंने शादी वैडिंग डेस्टिनेशन, घाम तापो जैसी व्यवस्थाओं को देकर उत्तराखंड के विकास के लिए महत्वपूर्ण आयाम दिए हैं। जब पूरे देश में कोहरा लगा होता है और सूर्यदेव के दर्शन नहीं होते उस समय उत्तराखंड में भगवान सूर्यदेव मुखरता और प्रखरता से दिखाई देते हैं जो धूप लेने के लिए विशिष्ट समय होता है। इसीलिए प्रधानमंत्री ने घाम तापो जैसा स्लोगन जारी किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस देश में हजारों हजार लोग पूरे देश से धार्मिक, सांस्कृतिक यात्रा करने आते हैं उसी प्रदेश में कुछ लोग पहाड़ मैदान का मुद्दा उठा रहे हैं जो किसी भी कीमत पर उचित नहीं है। हमें ऐसी विसंगतियों से बचना होगा ताकि हमें पूरे देश का अशीर्वाद मिले और हमारे लोग जो विभिन्न प्रदेशों में है उन्हें भी किसी प्रकार का संत्रास न झेलना पड़े। यह स्थिति दुखद है। मैं इसकी घोरा भर्त्सना करता हूं। पत्रकार वार्ता में मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रवक्ता हनी पाठक, कमलेश रमन तथा राजीव तलवार उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राम प्रताप मिश्र