मुख्यमंत्री डॉ. यादव का 31 मार्च को महेश्वर में कार्यक्रम प्रस्तावित


इंदौर, 28 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 31 मार्च को महेश्वर में देवी अहिल्या बाई होल्कर के त्रि-शताब्दी जन्म जयंती के अवसर पर संस्कृति विभाग मप्र शासन तथा विश्व मांगल्य सभा के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित राष्ट्र समर्था देवी अहिल्या की पुण्य गाथा नाट्य कार्यक्रम में आगमन प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के महेश्वर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा द्वारा शुक्रवार को अधिकारियों के साथ महेश्वर के हेलीपेड, किला परिसर एवं सभा स्थल का निरीक्षण किया गया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर भव्या मित्तल ने सभी अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे हैं और उनका जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री 30 को ग्वालियर में, प्रस्तावित यात्रा के दृष्टिगत कलेक्टर ने किया निरीक्षण
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 30 मार्च को ग्वालियर आएंगे। उनके प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान ने शुक्रवार देर शाम विभागीय अधिकारियों के साथ गोला का मंदिर स्थित आरोग्यधाम अस्पताल के लिये प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में आयोजकों से विस्तार से चर्चा कर आयोजन की रूपरेखा समझी और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम टीएन सिंह, एसडीएम नरेन्द्र बाबू यादव सहित संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन एवं आयोजकगण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर