प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद पूरे विश्व में भारत का सम्मान और कद बढ़ा है: कर्मवीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद पूरे विश्व में भारत का सम्मान और कद बढ़ा है: कर्मवीर सिंह


-प्रधानमंत्री के खूंटी आगमन की तैयारियों को लेकर भाजपा के दस जिलों के पदाधिकारियों की बैठक

खूंटी, 6 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि सौ वर्ष में एक बार परिवर्तन होता है। स्वामी विवेकानंद आये, सुभाष चन्द्र बोस आये। उसी तरह प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी भी सौ वर्ष में आये हैं। उनके आने से देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। पूरे विश्व में भारत का सम्मान और कद बढ़ा है। जब भी विश्व में संकट आया है, उसके निवारण के लिए सबकी नजरें भारत की ओर ही रही हैं। संगठन मंत्री सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में दक्षिणी छोटानागपुर और कोल्हान प्रमुडल के दस जिलाें के संगठन पदाधिकारियों की बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। बैठक में 15 नवंबर जनजातीय गौरव दिवस को प्रधानमंत्री के खूंटी आगमन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।

बताया गया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को खूंटी में प्रधानमंत्री विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। बैठक में इसकी कार्य योजना तैयार की गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि जो भी कार्यकर्ता यहां उपस्थित है, वें असामान्य हैं, सामान्य नहीं है। अपनी क्षमता से अधिक संगठन के लिए इन्होंने काम किया है। आनेवाले 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस है। इस मौके पर देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री का आगमन खूंटी में होना झारखंड के लिए गर्व की बात है। सभी कार्यकर्ता तन-मन से इस सभा को कैसे सफल बनाएं, यह सुनिश्चित करें। मन की बात कार्यक्रम आगामी 26 नवंबर को होना है उसकी भी तैयारी करनी है।

ऐतिहासिक होगी खूंटी में प्रधानमंत्री की सभा: नीलकंठ सिंह मुंडा

खूंटी विधायक सह प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि प्रथम बार कोई प्रधानमंत्री पहली बार बिरसा मुंडा की जन्मभूमि उलिहातु में आ रहा है। यह खूंटी के लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री अपने व्यस्त कार्यक्रमों में समय निकाल कर भगवान बिरसा मुंडा के धरती पर आ रहे हैं। विधायक ने कहा कि हमारे लिए सम्मान की बात है कि प्रधानमंत्री चौथी बार भगवान बिरसा मुंडा की धरती खूंटी आ रहे हैं। प्रदेश ने मुझ पर भरोसा किया है जनसभा में अधिक से अधिक लोगों को लाने का।

विधायक ने कहा कि मैं प्रदेश को आश्वस्त करता हूं कि आज तक कार्यक्रम में जितनी भीड़ होती है, इस बार एतिहासिक भीड़ होगी। कार्यकर्ताओं और मोदी जी को चाहने वालों का जनसैलाब उमड़ कर आयेगा। मंच संचालन सांसद सह प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने किया। स्वागत भाषण खूंटी जिला अध्यक्ष और धन्यवाद ज्ञापन सिमडेगा जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाइक ने किया।

बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय ,प्रदेश मंत्री सह हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची विधायक सीपी सिंह, तोरपा विधायक कोचे मुंडा, कांके विधायक समरी लाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश एसटी मोर्चा अध्यक्ष शिव शंकर उरांव, किसान मोर्चा अध्यक्ष पवन साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मीडिया की सरोज सिंह, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल नाथ शाहदेव, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, योगेन्द्र नायक, सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

Share this story