मास्टर सोहन लाल शर्मा की 19वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

जम्मू,18 मार्च (हि.स.)। मास्टर सोहन लाल शर्मा सोशल रिफार्म एंड चेरिटेबल ट्रस्ट ने मंगलवार को भाजपा राष्ट्रीय परिषद के कार्यकारी सदस्य एवं भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मास्टर सोहन लाल शर्मा की 19वीं पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्कृत भारती के विद्यार्थियों द्वारा गीता के श्लोकों के उच्चारण से हुई। सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम दधीचि ने मास्टर शर्मा को याद करते हुए कहा कि वह प्रजा परिषद और जनसंघ आंदोलन की उपज थे और आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि मास्टर शर्मा न केवल एक राजनीतिक नेता थे, बल्कि एक समाज सुधारक के रूप में भी पहचाने जाते हैं। उन्होंने दलितों, वंचितों और किसानों के उत्थान के लिए हमेशा संघर्ष किया। वहीं, परभाकर शास्त्री ने बावा कैलख देव मंदिर के प्रति उनकी सेवाओं को याद किया, जिससे यह एक सामाजिक सुधारों की संस्था बन गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष शक्ति दत्त शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट समाज कल्याण के लिए विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करता है। कार्यक्रम में कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे, जिनमें अम्बेडकर गुप्ता, अशोक सिंह चिब, पार्षद कुलदीप चिब, सामाजिक कार्यकर्ता रेखा जामवाल, नजीर कोटिया, कमल शर्मा, सुनील राका और साहिल सेठ शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा