हिमाचल में शुष्क मौसम का दौर जारी, तीन अप्रैल को बरसेंगे बादल

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में शुष्क मौसम का दौर जारी, तीन अप्रैल को बरसेंगे बादल


शिमला, 30 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा और तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। रविवार को भी राज्य भर में धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आगामी दिनों में भी शुष्क मौसम बना रहेगा, हालांकि तीन अप्रैल को कुछ जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों (ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, कांगड़ा, चंबा और सिरमौर) में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। यहां तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों (शिमला, मंडी, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर और कुल्लू) में न्यूनतम तापमान 7 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस कम था।

वहीं ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों (लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू) में तापमान 2 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य या सामान्य के करीब दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो प्रदेश के निचले और मैदानी इलाकों में यह 26 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 22 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 5 डिग्री अधिक था।

रविवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री, सुंदरनगर में 9.2 डिग्री, भुंतर में 9 डिग्री, कल्पा में 3.6 डिग्री, ऊना में 6.8 डिग्री, केलंग में 2 डिग्री, पालमपुर में 9 डिग्री, सोलन में 7.2 डिग्री और मनाली में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 3 अप्रैल को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। 4 व 5 अप्रैल को मौसम फिर साफ रहेगा। अगले 4-5 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। वहीं अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story

News Hub