राष्ट्रगान के अपमान के मुद्दे पर महागठबंधन ने जलाया मुख्यमंत्री का पुतला

भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं इंडिया गठबंधन द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार द्वारा राष्ट्रगान के अपमान के विरोध में शनिवार को कचहरी चौक पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का पुतला दहन किया गया। इस दौरान भागलपुर जिला के कांग्रेस, राजद के साथ इंडिया गठबंधन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी भागलपुर की इकाई के अध्यक्ष परवेज जमाल ने नीतिश कुमार के राष्ट्रगान के समय बातें करना, हंसना और लोगों को प्रणाम करने को काफी आपत्तिजनक बताया है। उन्होंने कहा कि यह सरेआम देश का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि नीतिश कुमार इससे पहले भी कई बार कभी महिलाओं के बारे में तो कभी कुछ ऐसी टिप्पणियां करते रहते हैं, जिससे उनकी छवि खराब हो रही है। अगर वह बीमार हो गए हैं तो उन्हें राजनीति छोड़कर घर में बैठ जाना चाहिए। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ चक्रपाणि हिमांशु ने कहा कि राष्ट्र गान का अपमान करने वाले मुख्यमंत्री नीतिश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। राष्ट्र गान के अपमान करने वालों को कानूनी रूप से 3 साल का सजा होती है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने गंभीर विषय पर उनके समर्थित लाडले मुख्यमंत्री नीतिश कुमार पर चुप क्यों हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। जिसके कारण वो बार-बार प्रत्येक मंच पर कुछ-कुछ गलत हरकतें कर रहे हैं। इनका मानसिक इलाज कराया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री के इन हरकतों और व्यवहार की अनदेखी करना प्रदेश के लिए बहुत घातक है।
राष्ट्रीय जनता दल के भागलपुर अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि अगर एक मुख्यमंत्री इस तरह राष्ट्रगान का अपमान करेंगे तो जनता उन्हें माफ नहीं करेगी। उन्हें तुरंत गद्दी छोड़ देनी चाहिए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी किया। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ प्रवीण कुमार झा, सोईन अंसारी, डॉ अभय आनंद सहित काफी संख्या में इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर