होली मिलन समारोह में जमकर उड़े अबीर - गुलाल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, मंत्री रविंद्र जायसवाल ने दिया प्रेम और भाईचारे का संदेश

वाराणसी। प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के प्रतीक होली महापर्व के उपलक्ष्य में शहर उत्तरी विधानसभा के कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम रविवार को कचहरी स्थित रामाश्रय वाटिका में संपन्न हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में भारी संख्या में लोग शामिल हुए और इस उत्सव का आनंद लिया। रंग-बिरंगे माहौल में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक और रंगारंग प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि होली हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है।यह पर्व समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द को मजबूत करता है। उन्होंने जनता से अपील की कि सभी मिल-जुलकर इस त्योहार को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाएं और समाज में सकारात्मकता का संदेश फैलाएं।
होली मिलन समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें राकेश शर्मा, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, मधुकर चित्रांश, बृजेश चौरसिया, रचना अग्रवाल, अशोक तिवारी, विवेक पांडे, मनोज सोनकर, दिलीप चौहान, अतुल सिंह, अशोक मौर्य, संजय जायसवाल, मदन मोहन दुबे, राजेश यादव, बृजेश श्रीवास्तव, सिद्धनाथ शर्मा, संदीप रघुवंशी, राजेंद्र यादव, अभय कुमार पांडे, रोहित मिश्रा, बलिराम कनौजिया, रिंकू मौर्या, जितेंद्र कुशवाहा, रतन कुमार मौर्य, कमलेश सोनकर, देवी प्रसाद चौरसिया, संदीप गुप्ता एवं अतुलेश उपाध्याय आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। समापन पर सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयों का वितरण भी किया गया। पूरे आयोजन में हर्षोल्लास का माहौल बना रहा और उपस्थित लोगों ने इसे यादगार बताया।