बलूचिस्तान में बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया जुल्म

WhatsApp Channel Join Now




इस्लामाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में बलूच यकजेहती समिति (बीवाईसी) के आह्वान पर आज की हड़ताल का बड़ा असर पड़ा है। सुबह से दुकानें बंद हैं। कुछ जिलों में आगजनी की घटनाएं भी हुई हैं। क्वेटा में कल (शुक्रवार) रात से मोबाइल सेवाएं निलंबित हैं। इससे पहले गुरुवार को डेटा सेवाएं बंद कर दी गई थीं। बीवाईसी ने दावा किया कि उसके प्रमुख नेताओं एवं अन्य प्रदर्शनकारियों को आज सुबह क्वेटा में धरनास्थल से पुलिस और सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षाबल सुबह 5:30 बजे पहुंचे। उन्होंने बलूच महिलाओं, बच्चों और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के साथ हिंसा की।

पाकिस्तान के प्रमुख अखबार डान की खबर में 'फलों का बगीचा' के नाम से मशहूर क्वेटा और अन्य जिलों के ताजा सूरत-ए-हाल पर विस्तार पर चर्चा की दई है। बलूच यकजेहती समिति पाकिस्तान में मानवाधिकारों के उल्लंघन का डेटा भी एकत्र करती है। बलूचिस्तान में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाओं के कारण ही समिति संघीय और राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ा है। खबर के अनुसार, प्रांतीय राजधानी क्वेटा में समिति के सदस्यों को पुलिस दमन का सामना करना पड़ा। समिति के सदस्य जबरन उठा लिए लोगों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे।

बलूचिस्तान सरकार का कहना है कि शुक्रवार को आंदोलन के दौरान पुलिस के 10 जवान घायल हो गए। बीवाईसी ने दावा किया कि पुलिस दमन में उसके तीन सदस्य मारे गए। 13 अन्य घायल हुए। बीवाईसी के मुख्य आयोजक डॉ. महरंग बलूच ने शुक्रवार देररात पुलिस दमन के खिलाफ पूरे प्रांत में बंद का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शनिवार को चक्का जाम किया जाएगा। मारे गए लोगों के शवों के साथ क्वेटा के सरियाब रोड पर धरना दिया जाएगा। समिति ने कहा कि आज सुबह धरनास्थल से मारे गए लोगों के शव सुरक्षाबल छीनकर ले गए। प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। बीवाईसी ने चगाई जिले के दलबंदिन शहर के साथ-साथ खुजदार, वाशुक और सुरब जिलों में बंद दुकानों और सड़कों की तस्वीरें साझा कीं। इन जिलों के मस्तुंग, डेरा मुराद जमाली और तुर्बत में प्रदर्शनकारी सड़कों को अवरुद्ध करने के लिए टायर जलाते नजर आ रहे हैं।

समिति ने दावा किया है कि धरनास्थल पर धावा बोलने के बाद डॉ. महरंग बलूच समेत कई अन्य लोगों को घसीटते हुए ले जाकर गिरफ्तार कर लिया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story

News Hub