अप्रैल में चालू होगा दर्शननगर आरओबी


-योगी सरकार के आठ वर्ष में मिली अयोध्या के नवनिर्माण से जुड़ी कई सौगात
-104 करोड़ की लागत से किया जा रहा है तैयार
-डबल इंजन की सरकार में अयोध्या को मिले कई ओवरब्रिज व आरओबी
अयोध्या, 23 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर अयोध्या में हुए विकास कार्यों की चर्चा जोरों पर है। इन आठ वर्षों में अयोध्या ने आमूल-चूल परिवर्तन देखा है और यह शहर अब विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर हो रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ अब अयोध्या आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए भी पहचाना जा रहा है। इन विकास कार्यों में बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं, जिनमें से कुछ पूरे हो चुके हैं तो कुछ तेजी से तैयार हो रहे हैं। इन्हीं महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है दर्शननगर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी)।जिसका निर्माण कार्य हाल ही में पूरा हुआ है।
दर्शननगर रेलवे ओवर ब्रिज की लागत 104.46 करोड़ रुपये है और यह अयोध्या के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह आरओबी 15 अप्रैल तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। जिसके बाद लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। इस ओवर ब्रिज के शुरू होने से अयोध्या से अम्बेडकरनगर जाने का रास्ता आसान हो जाएगा और वाहन सरपट दौड़ सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र में यातायात का दबाव भी कम होगा। यह प्रोजेक्ट अयोध्या के विकास में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।राम मंदिर में प्रभु श्रीराम लला विराजमान होने के बाद अयोध्या में विकास की गति और तेज हो गई है।
सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल ने बताया कि दर्शननगर आरओबी 31 मार्च तक तैयार हो जाएगा। लेकिन वाहनों का संचालन 15 अप्रैल से ही शुरू किया जाएगा।
--तीन नवम्बर 2021 में शुरू हुआ था निर्माण
दर्शननगर सम्पार संख्या 107-ए / 2टी फोर लेन के आगामी 14 अप्रैल तक तैयार हो जाने की पूरी संभावना है। इसका निर्माण सेतु निगम द्वारा कराया गया है। करीब 104.46 लाख के इस फोर लेन सम्पार का निर्माण 3 नवम्बर 2021 को शुरु हुआ था। इसके फोर लेन के बन जाने से आवागमन में लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
-यह चार हो चुके कम्प्लीट सरकार के आठ वर्षों में
अयोध्या को नायाब चार आरओबी मिल चुके हैं। जिनमें फतेहगंज 118, सूर्य कुण्ड 105, टेढ़ी बाजार, बड़ी बुआ (उदया चौराहा) 112 शामिल हैं। इन पर वाहन दौड़ रहे हैं। आसिफबाग 108 (ए), मोदहा 121 बी, हल्कारा पुरवा (108 ए.सी) पर काम चल रहा है। इसे भी समय पूरा करने का दावा किया जा रहा है।
-अब आधुनिक शहर के रूप में उभर रहा अयोध्या
डबल इंजन की सरकार ने अयोध्या को प्राथमिकता देते हुए इसके लिए खजाना खोल दिया है। मंदिर निर्माण के साथ-साथ सड़कें, पुल, रेलवे स्टेशन और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अयोध्या अब केवल एक तीर्थस्थल ही नहीं, बल्कि एक आधुनिक शहर के रूप में भी उभर रहा है। दर्शननगर आरओबी जैसे प्रोजेक्ट्स इस बात का प्रमाण हैं कि योगी सरकार अयोध्या को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए कृतसंकल्प है। आने वाले दिनों में अयोध्या और भी समृद्ध व सुविधाजनक बनेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय