संकट मोचन संगीत समारोह : चौथी निशा में बही गायन और नृत्य की धारा, फेसबुक लाइव से जुड़े संगीत के रसिक

संकट मोचन संगीत समारोह : चौथी निशा में बही गायन और नृत्य की धारा, फेसबुक लाइव से जुड़े संगीत के रसिक

वाराणसी। संकट मोचन संगीत समारोह में मंगलवार को आभासी मंच पर सुर-लय ताल की अद्भुत त्रिवेणी प्रवाहित हई। संगीत समारोह की चौथी निशा में विभिन्न स्थानों से तीनों विधाओं के कलाकार फेसबुक पर वीडियो क्लिप के माध्यम से जुड़े। कथक कुचिपुड़ी ने ऐसे भाव सजाएं की चैट बॉक्स संगीत के रसिकों की प्रशंसा से भर गया। 

वाराणसी से युवा कलाकर पूर्णेश भागवत के गायन से समारोह की शुरुआत हुई। उन्होंने राग बिहाग में बड़ा व छोटा ख्याल में बंदिशों से विभोर किया। वहीं हैदराबाद से जुड़ी वनजा उदय ने कुचिपुड़ी नृत्य से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। उन्होंने प्रस्तुति का आरंभ गणेश वंदना नाथ राग आदि ताल में प्रस्तुत किया। मोहन राग में रामायण सप्तम पर भावपूर्ण नृत्य से समापन किया। 

कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति में गायन के माध्यम से स्वरंजलि की अभ्यर्थना के लिए नई दिल्ली से पद्मजा चक्रवर्ती  जुड़ीं। उन्होंने राग पूरिया में मध्य लय तीनताल की रचना से प्रस्तुति की। उन्होंने पुरिया कल्याण मध्य लय में बंदिश सुर ताल मान लय सुध जागे..सुनाया। उन्होंने अंत में चैती "चढ़त चैत चित लागे ना रामा" गाकर अपनी प्रस्तुति को विराम दिया, जिसे श्रोताओं ने खूब पसंद किया। 

नई दिल्ली से लोकप्रिय शहनाई वादक कलाकार विकास बाबू प्रस्तुति के लिए जुड़े। उन्होंने राग चंद्र प्रभा में विलंबित एक ताल में एवं द्रुत तीनताल में रचना की प्रस्तुति दी। तबला पर उनका सहयोग सुभाष कांति दास ने दिया। कार्यक्रम के अगले कड़ी में भजन गायन की प्रस्तुति के लिए मुंबई से गार्गी सिद्धांत जुड़ीं। उन्होंने "श्री राम चंद्र कृपालु भजमन" से प्रस्तुति आरंभ किया। इसके बाद "राम गोविंद हरि" क् स्वर दिया।

सरोद वादन की प्रस्तुति के लिए नई दिल्ली से सुख्यात कलाकार पंडित विश्वजीत राय चौधरी जुड़े। उन्होंने राग शुद्ध कल्याण में आलाप, जोड़ा एवं झाला की प्रस्तुति दी। भोपाल से जुड़े सलीम अल्लाह वाले ने कई गजलों से रंग जमाया। वाराणसी के सौरभ-गौरव मिश्र नने कथक में शिव वंदना के भाव सजाए।

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story