रामनगर में दो सौ साल पुराने पेड़ को लोगों ने बांधा रक्षा सूत्र, संरक्षण का लिया संकल्प 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रक्षा बंधन के अवसर पर रामनगर के संभवतः सर्वाधिक उम्रदराज लगभग 2 सौ साल पुराने पकड़ी के पेड़ को लोगों ने रक्षा सूत्र बांध कर उसके संरक्षण का संकल्प लिया। इसके अलावा इस पेड़ को हेरिटेज पेड़ भी घोषित करने की मांग की गई। 

रामनगर किले के पास स्थित पकड़ी के पेड़ के बारे में कहा जाता है कि यह लगभग दो सौ साल पुराना है। उम्र को लेकर चाहे जो भी दावे हों लेकिन यह सत्य है कि इस पेड़ ने कई पीढ़ियों को जिया है। राजशाही की भव्यता की साक्षी है तो लोकतांत्रिक हवाओं में भी इसने खूब सांसे ली है। इसकी छांव ने लोगों को ऐसा प्यार दुलार दिया कि रामनगर की सबसे मशहूर अड़ी पकड़ी तरे बन गई। 

रविवार को रक्षा बंधन के अवसर पर सभासद संतोष शर्मा, पूर्व सपा सभासद संजय यादव, जाहिद खान आदि ने इस पकड़ी के पेड़ को रक्षा सूत्र बांधा और पकड़ी की रक्षा का संकल्प लिया। उनका कहना था कि सरकार ज्यादा उम्रदराज पेड़ो को हेरिटेज वृक्ष घोषित कर उनको संरक्षण देने का अभियान चला रही है। 

इस सूची में पकड़ी के पेड़ को भी शामिल किया जाना चाहिए क्योंकि यह बेहद पुराना और ऐतिहासिक पेड़ है। इस पेड़ के साथ लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई है। इसे संरक्षित किया जाएगा तो यह अभी कई सौ साल यूं ही अपने दरख्तों तले लोगों को बिठा कर प्यार दुलार बरसाता रहेगा।

Share this story