सबसे पहले महर्षि वेद व्यास के पांच शिष्यों ने ही शुरु की थी गुरु पूर्णिमा
चोलापुर संवाददाता विशाल चौबे
वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र के टिसौरा गांव स्थित सत्संग भवन में शुक्रवार को आचार्य हृषिकेश पाठक ने गुरु पूर्णिमा पर्व के बारे में विस्तार से बताया। गुरु पूर्णिमा क्यों मनाई जाती है, इस पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वेदव्यास के अनेक शिष्यों में से पांच शिष्यों ने गुरु पूजा की परंपरा प्रारंभ की। सबसे पहले इन्हीं शिष्यों ने पुष्पमंडप में उच्चासन पर गुरु यानी व्यास जी को बिठाकर पुष्प मालाएं अर्पित की। आरती की तथा अपने ग्रंथ अर्पित किए थे। जिस कारण हर साल इस दिन लोग व्यास जी के चित्र का पूजन और उनके द्वारा रचित ग्रंथों का अध्ययन करते हैं।

उन्होंने बताया कि कई मठों और आश्रमों में लोग ब्रह्मलीन संतों की मूर्ति या समाधि की पूजा करते हैं। गुरू के बिना एक शिष्य के जीवन का कोई अर्थ नहीं है। रामायण से लेकर महाभारत तक गुरू का स्थान सबसे महत्वपूर्ण और सर्वोच्च रहा है। गुरु की महत्ता को देखते हुए ही महान संत कबीरदास जी ने लिखा है- "गुरु गोविंद दोऊ खड़े काके लागू पाये, बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो मिलाये।" यानि एक गुरू का स्थान भगवान से भी कई गुना ज्यादा बड़ा होता है।
गुरु पूर्णिमा का पर्व महार्षि वेद व्यास के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। वेदव्यास जो ऋषि पराशर के पुत्र थे। शास्त्रों के अनुसार महर्षि व्यास को तीनों कालों का ज्ञाता माना जाता है।
महार्षि वेद व्यास के नाम के पीछे भी एक कहानी है। माना जाता है कि महार्षि व्यास ने वेदों को अलग-अलग खण्डों में बांटकर उनका नाम ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद रखा। वेदों का इस प्रकार विभाजन करने के कारण ही वह वेद व्यास के नाम से प्रसिद्ध हुए।

