BHU : मेन गेट छोड़कर बीएचयू के सभी द्वार आज से रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेंगे बंद  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कोरोना महामारी के तेज़ी से बढ़ने के बाद कई राज्यों और प्रदेश के कई शहरों सहित वाराणसी में भी नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसे देखते हुए काशी हिन्दू विश्वविद्यालय प्रशासन ने सिंह द्वार के अलावा विश्वविद्यालय के सभी द्वारों को शनिवार से रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया है।  इस सम्बन्ध में शुक्रवार को बीएचयू प्रशासन ने गाइडलाइन जारी की है। 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर वासियों एवं आमनजनमानस से आग्रह किया है कि परेशानी से बचने के लिए द्वार बंदी के समय को ध्यान में रखें।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यरत प्रोफ़ेसर, कर्मचारियों और परिसर के निवासियों को सलाह दी है की अगर उनमे कोविड संबंधी लक्षण दिखाई दें तो फ़ौरन अपनी जांच कराएं और रिपोर्ट आने तक खुद को आइसोलेट रखें। 

कोविड पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर चिकित्सक द्वारा बताई गई दवाएं लें, आइसोलेशन में रहें व सभी सुरक्षा उपायों का पालन करें। संक्रमित होने की स्थिति में कर्मचारी तुरंत अपने विभागाध्यक्ष व विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचित करें ताकि संबंधित विभाग को सैनेटाइज़ करने के साथ ही अन्य आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इस संबंध में बीएचयू प्रशासन ने एक विस्तृत गाइडलाइन भी जारी की है।

विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में खेल संबंधी गतिविधियां सुबह 6 बजे से शाम 7बजे तक ही संचालित की जाएंगी। इसी अवधि में ही खेल के मैदान खोले जाएंगे। साथ ही क्रीड़ांगन में थर्मल स्कैनिंग व सैनेटाइज़र की व्यवस्था की जाए। इसके अलावा सभी संस्थानों, विभागों, संकायों में सभी कॉन्फ्रेंस इत्यादि गतिविधियां ऑनलाइन मोड में ही हों। 

अधिसूचना में कहा गया है कि सभी कार्यालयी कार्यों के लिए ईआरपी का प्रयोग किया जाएगा। मैनुअल डाक से आदान-प्रदान पर तत्काल रोक लगाई जाती है। केंद्रीय कार्यालय व अन्य कार्यालयों में बाहरी व्यक्तियों का आवागमन प्रतिबंधित किया जाता है।विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के अनावश्यक आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाता है।परिसर की सभी दुकानें शाम 7 बजे तक बंद हो जाएंगी। 

Share this story