हेल्थ सिटी हॉस्पिटल की लापरवाही, मरीज के बाएं पैर की जगह दाएं पैर का कर दिया ऑपरेशन

WhatsApp Channel Join Now
हेल्थ सिटी हॉस्पिटल की लापरवाही, मरीज के बाएं पैर की जगह दाएं पैर का कर दिया ऑपरेशन


लखनऊ, 12 सितंबर (हि.स.)। राजधानी के गोमती नगर स्थित हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में डॉक्टरों की एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल के डॉक्टरों पर बाएं पैर की जगह दाएं पैर का गलत ऑपरेशन करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित मरीज राजेश्वरी (उम्र 70 वर्ष) लखनऊ के राजाजीपुरम की रहने वाली हैं। परिजन कमलेश कुमार के अनुसार, राजेश्वरी को पैर की समस्या के कारण ऑपरेशन (ट्रांसप्लांट) की जरूरत थी। कल (शुक्रवार को) हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने बाएं पैर की जगह उनके दाहिने पैर का ऑपरेशन कर दिया।

परिजनों ने बताया कि मरीज को करीब एक सप्ताह पहले आद्या मेडिसिटी क्लीनिक में डॉ. सी.पी. गुप्ता को दिखाया गया था। वहां देखने के बाद डॉ. सी.पी. गुप्ता ने शुक्रवार को हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में आपरेशन किया। गलत पैर का ऑपरेशन होने की जानकारी होने पर परिजन आक्रोशित हैं। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित चिकित्सक पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। पीड़ित बुजुर्ग महिला मरीज अभी भी गोमती नगर स्थित हेल्थ सिटी हॉस्पिटल में ही भर्ती हैं।

हेल्थ सिटी हॉस्पिटल के डा. वैभव खन्ना ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि मरीज के दोनों घुटने खराब हैं। एक पैर का आपरेशन हो गया है दूसरे का तीन महीने बाद किया जायेगा। डा. वैभव खन्ना ने कहा जब दोनों घुटनों का ट्रान्सप्लान्ट करना होता है तो चिकित्सक पहले दाएं पैर का ही ट्रान्सप्लान्ट कराने की सलाह देते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story