हाथरस : महापंचायत में गूंजे किसानों के मुद्दे, मांगें न मानी जाने पर आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : महापंचायत में गूंजे किसानों के मुद्दे, मांगें न मानी जाने पर आंदोलन की चेतावनी


हाथरस, 21 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के तहसील प्रांगण में शुक्रवार को किसानों की महापंचायत आयोजित की। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।

किसानों ने आलू के बढ़ते भाव और लागत, चीनी के बढ़ते दाम, पर्याप्त बिजली आपूर्ति, आलू के परिवहन किराए, किसानों की कर्ज माफी तथा फॉर्मर रजिस्ट्री से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। किसानों का कहना था कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने बताया कि महापंचायत में किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाए। बिजली आपूर्ति में सुधार, कृषि लागत कम करने, आलू किसानों को राहत देने तथा किसानों के कर्ज से संबंधित समस्याओं पर ठोस कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। महापंचायत के दौरान किसानों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान पूर्व विधायक प्रताप चौधरी, पूर्व विधायक अनिल चौधरी आदि के साथ क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story