हाथरस के नगला दली में नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस के नगला दली में नवीन विद्यालय भवन का लोकार्पण


हाथरस, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में नगला दली स्थित कंपोजिट विद्यालय में सोमवार को नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद और सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बच्चू सिंह ने फीता काटकर नए भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा, जिसमें ग्रामीण और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद और कार्यक्रम अध्यक्ष मेहताब सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इंचार्ज प्रधानाध्यापक मुन्नेश कुमार ने मुख्य अतिथि को माला और स्मृति पट्टिका भेंटकर सम्मानित किया। विद्यालय स्टाफ ने अन्य अतिथियों का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी सुल्तान अहमद ने शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का सबसे सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए भवन के निर्माण से शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई का अवसर मिलेगा। उन्होंने अभिभावकों से सरकारी विद्यालयों में बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन कराने की अपील की। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि विभाग द्वारा विद्यालयों में सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।

एआरपी अजीत राणा ने बच्चों की नियमित उपस्थिति पर जोर दिया और विद्यालय की शैक्षिक प्रगति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सत्यपाल सिंह, विजयपाल सिंह, बच्चू सिंह, पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह और प्रधान संत कुमार सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। सभी ने विद्यालय के नए भवन को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संचालन शैलेश शर्मा ने किया। अंत में अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर गिरेंद्र सिंह, सुखलेश, अमित कुमार, अजय सिंह, चंदन कुशवाह, सुमित कुमार, अल्की शर्मा, चंदन प्रवीण, शिवांगी, राजवीर सिंह, मंजू देवी, सतीश कुमार, प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story