हमीरपुर के बच्चों ने सीखी रोबोटिक्स
अमेरिका से आए व्योम अग्रवाल ने दिया प्रशिक्षण
हमीरपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में ग्रामीण प्रतिभाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से सृजन एक सोच संस्था ने गुरुवार को जीटीएसई (ग्रामीण टैलेंट सर्च एग्जाम) में चयनित 57 छात्र-छात्राओं के लिए रोबोटिक्स प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया। प्रशिक्षण अमेरिका के टेक्सास स्थित स्कूल में अध्ययनरत व्योम अग्रवाल ने दिया।
व्योम अग्रवाल पिछले कई महीनों से अमेरिका से ऑनलाइन माध्यम के जरिए बच्चों को रोबोटिक्स का प्रशिक्षण दे रहे हैं। भारत आगमन पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से रोबोट तैयार करने, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के उपयोग तथा रोबोटिक्स की बुनियादी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की प्रमुख तकनीकें हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी इनसे जोड़ना समय की आवश्यकता है। संस्था के कंट्री हेड विनय गुप्ता ने बताया कि बच्चों की रुचि और उत्साह को देखते हुए अब रोबोटिक्स की साप्ताहिक कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी। साथ ही व्योम अग्रवाल अमेरिका से ऑनलाइन माध्यम से लगातार मार्गदर्शन देते रहेंगे। कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को नई तकनीकों से सीखने और भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने का मार्ग मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

