सूचना का अधिकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन की मजबूत कड़ी : राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी

WhatsApp Channel Join Now
सूचना का अधिकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन की मजबूत कड़ी : राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी


- राज्य सूचना आयुक्त ने चित्रकूट सर्किट हाउस में पत्रकारों, अधिवक्ताओं और प्रबुद्धजनों से किया संवाद, एनयूजे उत्तर प्रदेश ने किया स्वागत

चित्रकूट, 19 नवंबर (हि.स.)। सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 आम नागरिकों को सरकारी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है। यह कानून प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के साथ सरकारी विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित करता है। आम नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर इस कानून का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। यह बातें राज्य सूचना आयुक्त प्रद्युम्न नारायण द्विवेदी (पीएन द्विवेदी) ने चित्रकूट दौरे पर पहुंचने पर गुरुवार काे सर्किट हाउस में आयोजित संवाद कार्यक्रम में कहीं।

उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला महत्वपूर्ण कानून है। इसके माध्यम से आम आदमी सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, योजनाओं और निर्णयों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकता है। सूचना का अधिकार केवल सरकारी सूचनाएं हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रभावी हथियार है।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि निर्धारित समयसीमा में सूचना उपलब्ध नहीं कराने अथवा अनुचित रूप से सूचना देने से इनकार करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति प्रथम अपील और उसके बाद राज्य सूचना आयोग में अपील या शिकायत कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सूचना के अधिकार का सही तरीके से उपयोग करें और दूसरे लोगों को भी इसके प्रति जागरूक बनाएं।

उन्होंने सूचना का अधिकार व्यवस्था को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में आयोग की ऑनलाइन व्यवस्था का भी उल्लेख किया। अब नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से सूचना के अधिकार के तहत आवेदन कर सूचनाएं प्राप्त करने की प्रक्रिया अपना सकते हैं। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की परेशानी से राहत मिलेगी और सूचना प्राप्त करने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।

इस अवसर पर नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया), उत्तर प्रदेश की चित्रकूट इकाई के जिलाध्यक्ष रतन पटेल, संपादक बीपी पटेल, सभासद एवं वरिष्ठ पत्रकार शंकर यादव, वरिष्ठ पत्रकार प्रभाकर सिंह सहित दर्जनों लोगों ने माल्यार्पण कर राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सूचना का अधिकार अधिनियम को अधिक सशक्त, प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए राज्य सूचना आयुक्त के प्रति आभार जताया। पत्रकारों एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों ने कहा कि सूचना का अधिकार आम आदमी की आवाज को मजबूती देने वाला कानून है। इसकी प्रक्रिया को ऑनलाइन और सरल बनाए जाने से आम नागरिकों, पत्रकारों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को विशेष सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में सूचना के अधिकार के प्रभावी क्रियान्वयन, आम नागरिकों की समस्याओं, सरकारी विभागों की जवाबदेही और सूचना प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story