सिद्धार्थनगर में एक दिन की जिलाधिकारी बनी छात्रा श्रद्धा पांडेय
सिद्धार्थनगर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा-2026 में 96.83 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा श्रद्धा पांडेय शुक्रवार को सांकेतिक रूप से एक दिन की जिलाधिकारी बनीं।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की।
रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, तेतरी बाजार की छात्रा श्रद्धा पांडेय ग्राम पचहरी की निवासी हैं। मेधावी छात्रा को एक दिन के लिए जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई के लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी बांसी को निर्देशित किया। इस पहल के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से जानने और जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया समझने का अवसर मिला।
श्रद्धा पांडेय ने बताया कि वह आगे भी मन लगाकर पढ़ाई करना चाहती हैं और भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) में जाकर देश और समाज की सेवा करना उनका लक्ष्य है। उनकी इस उपलब्धि और प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी। जिलाधिकारी शिवशरनप्पा जी एन ने बताया कि इससे महिला सशक्तिकरण तथा स्वावलंबन की प्रेरणा मिलेगी। अन्य विभागों में भी इसकी पहल होनी चाहिए। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बलराम त्रिपाठी

