सहायक आचार्य की लिखित परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को चार पालियों में होगी

WhatsApp Channel Join Now
सहायक आचार्य की लिखित परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को चार पालियों में होगी


प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या-51 के तहत सहायक आचार्य की लिखित परीक्षा 18 और 19 अप्रैल को चार पालियों में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के छह जिलों—आगरा, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर के कुल 53 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। सभी केंद्रों पर तैयारियों की गहन समीक्षा की जा चुकी है और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षों को सीसीटीवी से लैस करते हुए उन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जिससे रियल-टाइम निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

आयोग ने प्रत्येक जिले में एक-एक नोडल सदस्य को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया है, जो मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी और जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की टीमें लगातार निरीक्षण करेंगी।

डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें। साथ ही किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना से बचते हुए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल से ही जानकारी प्राप्त करें। आयोग ने सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story