समाज को जागरूक करने में पत्रकारों का योगदान : सुरेन्द्र सिंह
मुरादाबाद, 31 मई (हि.स.)। पत्रकार दिवस के अवसर पर नारद जी का स्मरण करना एवं उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर है। समाज को जागरूक करने में पत्रकारों का अहम योगदान है। यह बातें रविवार को विश्व संवाद केंद्र द्वारा बुद्धि विहार स्थित अमर वाटिका में देवऋषि नारद जयंती एवं हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में डिजिटल मीडिया के युग में आधुनिक पत्रकारिता विषय पर पत्रकार गोष्ठी में राष्ट्रदेव मासिक के संपादक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रांत प्रचार प्रमुख सुरेन्द्र सिंह ने बतौर मुख्य वक्ता कही।
सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि उदंत मार्तण्ड बंद भले ही हो गया लेकिन वह लोगों को एक दिशा दे गया। पत्रकारिता ही है जिसके माध्यम से समाज में नवसंचार, जागरण, सजीवता तथा नवस्फूर्ति का संचार होता है। समाज को प्रभावित करने की जो क्षमता पत्र-पत्रिकाओं में है, उसके मूल में भी पत्रकार ही है। पत्रकार को समाज के सजग प्रहरी के रूप में देखा जाता है। एक पत्रकार सामाजिक परिवर्तन के लिए जो त्याग करता है उसका वह त्याग ही समाज को गति प्रदान करता है। समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज पत्रकार होता है।
आरएसएस विभाग प्रचार प्रमुख डॉ. पवन कुमार जैन ने कहा सृष्टि के प्रथम संवाद वाहक के रूप में देवऋषि नारद जी का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। नारद जी ने पीड़ित-शोषित की आवाज को मुखर किया, जहां आवश्यकता होती थी वे वहां उपस्थित होते थे। हिंदी के प्रथम समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि वह केवल एक पत्र नहीं, बल्कि स्वतंत्रता चेतना और जनजागरण का सशक्त माध्यम था।
प्रख्यात लेखक एवं उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता मुख्य अतिथि तथा आईएफटीएम विश्वविद्यालय के जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश शुक्ला अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मेजर राजीव ढल ने किया, समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रशांत मिश्रा, हरिमोहन गुप्ता, सचिन कुमार, राकेश मिश्रा, रतनलाल एडवोकेट, सुभाष शर्मा, डॉ मुदित सिंघल, कुलदीप कुमार, डॉ सत्यवीर सिंह आदि महानगर के वरिष्ठ पत्रकार गण साहित्यकार गण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

