संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हाे निस्तारण : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण हाे निस्तारण : जिलाधिकारी


कानपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। शिकायतों का आवश्यकतानुसार स्थलीय परीक्षण कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो और शिकायतकर्ता को समाधान का वास्तविक लाभ मिले। यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने शनिवार को नरवल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों को दिए।

नरवल तहसील में आयोजित समाधान दिवस में कुल 186 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 11 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत दी गई। शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

समाधान दिवस में राजस्व अभिलेखों से जुड़े कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया। किदवई नगर निवासी सुशीला चौरसिया के नामांतरण आदेश का अमलदरामद कर खतौनी उपलब्ध कराई गई। राजामार्केट निवासी पूजा शर्मा के मई 2025 से लंबित नामांतरण आदेश का भी अमलदरामद कराकर खतौनी दी गई।

बगाही निवासी किरनपाल और ग्राम शाहपुर निवासी कोकिला की भूमि बंधक मुक्त होने के बावजूद खतौनी में अंकन नहीं हुआ था। दोनों मामलों में बंधक परवाने का अमलदरामद कर खतौनी उपलब्ध कराई गई। बर्रा निवासी रंजीत की खतौनी में दर्ज गलत नाम संशोधित किया गया। ग्राम बरईगढ़ निवासी रमेश कुमार सिंह का अंश निर्धारण कर उन्हें खतौनी उपलब्ध कराई गई।

समाधान दिवस के साथ आयोजित विशेष दिव्यांग शिविर में सेमरझाल निवासी रमेशचन्द्र धोबी और मडिलवां निवासी श्यामकली को मेडिकल बोर्ड की जांच के बाद मौके पर दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। दलपतपुर निवासी स्वेता उत्तम को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया।

दैवीय आपदा से जुड़े मामलों में ग्राम हरीपुर मजरा गुगुरा निवासी अटल बिहारी के बारिश में मकान गिरने के प्रकरण में जांच के बाद नियमानुसार सहायता के लिए रिपोर्ट स्वीकृत कर भेजी गई। गणेशीपुर मजरा नेवादा उजागर निवासी राम सिंह को बताया गया कि दैवीय आपदा सहायता राशि उनके बैंक खाते में पहले ही भेजी जा चुकी है।

कुल प्राप्त प्रार्थना पत्रों में 85 राजस्व, 47 विकास, 15 राजस्व एवं पुलिस के संयुक्त, 12 पुलिस, आठ विद्युत और चार पीडब्ल्यूडी से संबंधित रहे। शेष प्रकरण अन्य विभागों से जुड़े थे।

इस दौरान डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story