संचारी रोग नियंत्रण पाने को सावधान रहने की आवश्यकता : डॉ. ए.के. तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
संचारी रोग नियंत्रण पाने को सावधान रहने की आवश्यकता : डॉ. ए.के. तिवारी


प्रयागराज, 01 अप्रैल (हि.स.)। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, सोर्स रिडक्शन पर ध्यान देना अतिआवश्यक है। उक्त बातें बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण को लेकर शुरू हुए अभियान में प्रयागराज के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. तिवारी ने कही।

उन्होंने “दस्तक अभियान” के दौरान बुखार, आईएलआई केस, क्षय रोग के लक्षण, कुपोषित बच्चों और मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर सूची तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान (प्रथम चरण) का बुधवार को शुभारम्भ संयुक्त निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, प्रयागराज मंडल डॉ. आशु पाण्डेय ने किया । उन्होंने नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह अभियान एक से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा, जबकि “दस्तक अभियान” 10 से 30 अप्रैल तक संचालित होगा। अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को नोडल बनाया गया है और इसके सफल संचालन के लिए नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यान, कृषि एवं सिंचाई विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत जन-जागरूकता, साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने, फॉगिंग समेत विभिन्न गतिविधियां चलाई जाएंगी। इस दौरान डॉ. आशु पाण्डेय ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को निर्देश दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने किया। जिला मलेरिया अधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों में डेंगू, चिकनगुनिया सहित अन्य रोगों पर नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।

--संचारी रोगों से सुरक्षित रहना है तो स्वच्छता

जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए लोगों को अपने आसपास सफाई रखने, शौचालयों की नियमित सफाई तथा जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही हीट वेव से बचाव, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों पर तापमान की जानकारी प्रदर्शित करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष इंतजाम करने पर भी बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. आशु पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवीन्द्र सिंह, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अंशु वैश्य, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. आलोक कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story