संगठन को मजबूत बनाने के लिए होंगी बैठकें, यूपी सह प्रभारी जगदीश पटेल करेंगे समीक्षा : अनूप अवस्थी

WhatsApp Channel Join Now
संगठन को मजबूत बनाने के लिए होंगी बैठकें, यूपी सह प्रभारी जगदीश पटेल करेंगे समीक्षा : अनूप अवस्थी


कानपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में अलग-अलग स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इनमें क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा होगी। यह जानकारी रविवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने दी।

भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल आज वंदे भारत रेलगाड़ी से कानपुर पहुंचे। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और भाजपा-मोदी जिंदाबाद के नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया।

प्रदेश सह प्रभारी के आगमन पर स्टेशन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। स्वागत के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी एकजुटता भी प्रदर्शित की।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में क्रमबद्ध तरीके से संगठनात्मक बैठकें होंगी। इनमें क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों सहित विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश सह प्रभारी बैठकों को संबोधित करने के साथ संगठन के कार्यों की समीक्षा करेंगे और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने के उद्देश्य से इन बैठकों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पूरा करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर स्वागत करने वालों में क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह, राजेश पटेल, अमित समाधिया, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, अनिल दीक्षित, उपेंद्र पासवान, अभिनव दीक्षित, जसविंदर सिंह, समरजीत सिंह और कृष्ण प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story