श्रावण मास: शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक किए गए इंतजाम
-श्रावण मास को लेकर प्रशासन अलर्ट
देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)। तीस जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र श्रावण मास के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा, शिवालयों में जलाभिषेक तथा जल भरने वाले प्रमुख घाटों पर सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित कर दिए हैं।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि पूरे श्रावण मास के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं पैरा पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही आठ प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि नगर निकायों और विकास खंडों के अधिकारियों को शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय स्थापित किए जा रहे हैं, जिन्हें मंदिर परिसरों से उचित दूरी पर बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी तथा एम्बुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखा जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी सक्रिय रहेगा। इसके माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी और किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाई जा सकेगी।
सरयू नदी सहित अन्य प्रमुख जलभराव घाटों पर बैरिकेडिंग कराने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

