श्रावण मास के अंतिम सोमवार के लिए मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा की गई है व्यापक तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
श्रावण मास के अंतिम सोमवार के लिए मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा की गई है व्यापक तैयारियां


श्रावण मास के अंतिम सोमवार के लिए मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा की गई है व्यापक तैयारियां


मुरादाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर हरिद्वार एवं ऋषिकेश सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं रेल यात्रियों की संभावित बढ़ती भीड़ तथा यात्री आवागमन में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए उत्तर रेलवे, मुरादाबाद मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं सुगम रेल आवागमन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देशन में मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। हरिद्वार, ज्वालापुर, रुड़की एवं योगनगरी ऋषिकेश सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। यात्रियों को उचित प्लेटफॉर्म, ट्रेन एवं गंतव्य की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को किया गया सुदृढ़

श्रद्धालुओं एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेलवे पुलिस एवं रेलवे प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील एवं अधिक भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर आवश्यकता के अनुसार आरपीएफ एवं जीआरपी के अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। पर्याप्त बल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए त्च्थ् के अधिकारियों एवं बल सदस्यों की छुट्टियां अस्थायी रूप से बंद रखी गई हैं, ताकि आवश्यकता के अनुरूप प्रभावी तैनाती की जा सके।

यात्री सहायता केंद्र एवं मेडिकल हेल्प डेस्क

हरिद्वार एवं योगनगरी रिषिकेश रेलवे स्टेशनों पर मेडिकल हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस की सक्रिय सेवा व सहायता लगातार जारी

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुरादाबाद मंडल तथा सिविल डिफेंस, मुरादाबाद मंडल की टीमें हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं भक्तों की सहायता में सक्रिय हैं। स्वयंसेवकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं एवं जरूरतमंद यात्रियों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने, स्टेशन परिसर एवं फुट ओवर ब्रिज पर सुरक्षित आवागमन में सहायता करने तथा ट्रेनों में सुरक्षित चढ़ने एवं उतरने में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध टिकट दलाली पर विशेष निगरानी

यात्रियों को आवश्यकतानुसार टिकट उपलब्ध कराने तथा टिकटों की कालाबाजारी एवं अवैध टिकट दलाली पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। टिकट आरक्षण केंद्रों एवं अन्य संबंधित स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध टिकट दलाली में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

भीड़ प्रबंधन एवं सुगम आवागमन के लिए विभागों में समन्वय

भक्तों एवं यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए स्टेशन के प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने हेतु वाणिज्य, परिचालन, इंजीनियरिंग, आरपीएफ, जीआरपी एवं अन्य संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित किया गया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story