शादी में शामिल होने निकली महिला को मगरमच्छ ने बनाया निवाला, ग्रामीणों के पत्थर मारने पर शव छोड़कर भागा मगरमच्छ

WhatsApp Channel Join Now
शादी में शामिल होने निकली महिला को मगरमच्छ ने बनाया निवाला, ग्रामीणों के पत्थर मारने पर शव छोड़कर भागा मगरमच्छ


बहराइच, 05 जुलाई (हि.स.)। बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मोहकमपुरवा गांव की 55 वर्षीय महिला केतकी पत्नी रमेश शनिवार शाम करीब छह बजे पैदल अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकली थीं, लेकिन रातभर घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

रविवार सुबह करीब नौ बजे, लगभग 15 घंटे बाद ग्रामीणों ने सरयू नदी में एक मगरमच्छ के जबड़ों में महिला का शव फंसा देखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया और मगरमच्छ पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। लोगों की भीड़ बढ़ने पर मगरमच्छ शव छोड़कर नदी में चला गया। इसके बाद ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतरे और शव को बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मगरमच्छ महिला के दोनों पैर खा चुका था तथा चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी उसके दांतों के गहरे निशान थे। महिला का शव उसके घर से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी में मिला।

थानाध्यक्ष आनन्द चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नदी और नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा वन विभाग से मगरमच्छ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Share this story