विभाजन विभषिका स्मृति दिवस-14 अगस्त को सभी जनपदों में होंगे कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
विभाजन विभषिका स्मृति दिवस-14 अगस्त को सभी जनपदों में होंगे कार्यक्रम


लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। विभाजन विभषिका स्मृति दिवस- 14 अगस्त पर लखनऊ सहित प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे। यह जानकारी मंगलवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व 14 अगस्त, 2026 को मुख्यमंत्री की उपस्थिति में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ तथा अन्य जिलों में मंत्रीगणों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे। इन कार्यक्रमों में भारत सरकार द्वारा विभाजन विभषिका पर तैयार की गयी सामग्री पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी तथा विभाजन के समय विस्थापित होकर भारत आए परिवारों को इस विभषिका से जुड़ी हुई सामग्री को प्रदर्शित करने हेतु आमंत्रित किया जाएगा।

जयवीर सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी से पीड़ितों हेतु 02 मिनट का मौन रखा जाएगा तथा मतुआ समुदाय के इतिहास, सांस्कृतिक धरोहर और योगदान पर आधारित डाक्यूमेंटरी फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। इसी प्रकार सभी 75 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे। जिनमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में व्याख्यान एवं चर्चाएं आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों जैसे- सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, उ0प्र0 सिंधी सभा, सिंधी अकादमी, सनातनी पंजाबी महासभा एवं बंगाली समुदाय का सहयोग लिया जाएगा।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम लोकभवन, लखनऊ जीपीओं पार्क में आयोजित किए जांएगे। जनपदीय स्तरीय आयोजन के लिए जिलाधिकारी द्वारा स्थान निर्धारित किया जाएगा। विभाजन विभषिका पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी एवं पीड़ित परिवारों की सामग्रियों की प्रदर्शनी का आयोजन जीपीओं पार्क, लखनऊ में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उ0प्र0 द्वारा किया जाएगा।

लखनऊ सहित समस्त जनपदों में शरणार्थियों की पहली एवं दूसरी पीढ़ियों को लेकर बस्तियों, बाजारों अथवा शिक्षण संस्थाओं में मौन जुलूस, शांति पाठ एवं कैंडल लाइट मार्च का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित कर 03 मिनट का अभिभाषण कार्यक्रम आयोजित कराया जाएगा। इसके अलावा सन् 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन विभषिका से जुड़ी हुई पुस्तकों का प्रदर्शन किया जाएगा। संस्कृति विभाग, उ0प्र0 इन समस्त कार्यक्रमों का समन्वय करेगा। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करा दिए गए है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story