वित्तीय अनियमितता में एक प्रधान की जांच शुरू, दो को नोटिस
मुरादाबाद, 05 मई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने में सिर्फ 20 दिन शेष हैं लेकिन अभी विकास कार्यों में हेराफेरी के आरोप लगने का सिलसिला थमा नहीं है। अब जिलाधिकारी ने डिलारी ब्लॉक के मिर्जापुर करीमुद्दीन के प्रधान मोहम्मद जान पर विकास कार्यों में अनियमितता बरतने के मामले की जांच जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपी है।
ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के डिलारी विकास क्षेत्र के मिर्जापुर करीमुद्दीन निवासी नाजिम, रईस, नाजिर आदि ने ग्राम प्रधान मोहम्मद जान व सचिव पर गांव में बिछाई गई टाइल्स, सरकारी नलों के रीबोर, पौधरोपण, नाली निर्माण आदि कार्यों में अनियमितता बरतने व हेराफेरी करने के आरोप लगाए हैं। इस पर जिला मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच डीएसओ को सौंपते हुए एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
दूसरी मुरादाबाद ब्लाॅक के आववकरपुर ग्राम की चंद्र किरन, वीरपाल, मनोज आदि ने शिकायत की थी कि प्रधान गुड्डी रानी ने स्कूल की मरम्मत के लिए आया सरकारी धन स्कूल में न लगाकर हड़प लिया है।
इस मामले में डीपीआरओ ने प्रधान व सचिव राहुल सिंह को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा है। कुंदरकी ब्लाॅक के तेवर पट्टी उर्फ काजीपुरा के योगेंद्र सिंह आदि ने शिकायत की थी कि प्रधान जोया आसिफ व सचिव राखी भारती को टाइल्स कार्य कराने में अनियमितता करने की शिकायत की थी, इस पर डीपीआरओ ने प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में जवाब मांगा है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

