मुरादाबाद में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन को उमड़ी भक्तों की भीड़


मुरादाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से एमआईटी इंस्टिट्यूट परिसर, रामगंगा विहार में श्री सोमनाथ मूल ज्योतिर्लिंग के पूजन एवं दर्शन का रविवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने वैदिक विधि-विधान से पूजन कर दर्शन लाभ प्राप्त किया और आध्यात्मिक वातावरण में भक्ति भाव से सराबोर हो गए।

सीएम अभिनव अग्रवाल के अनुसार यह ज्योतिर्लिंग उस प्राचीन मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का अंश है, जिसे वर्ष 1024 ईस्वी में आक्रमणकारियों द्वारा खंडित किए जाने के बाद अग्निहोत्री ब्राह्मणों ने दक्षिण भारत ले जाकर सुरक्षित रखा था। पीढ़ी दर पीढ़ी इसकी पूजा-अर्चना की जाती रही और वर्ष 1924 में कांची के शंकराचार्य से मार्गदर्शन प्राप्त किया गया। इसी क्रम में 15 जनवरी 2025 को सीताराम शास्त्री ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर को यह पावन ज्योतिर्लिंग सौंपा गया। उनके निर्देशानुसार देश के विभिन्न नगरों में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए इस ज्योतिर्लिंगों को ले जाया जा रहा है।

मुरादाबाद में स्वामी भाव्यतेज जी द्वारा ज्योतिर्लिंग लाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन सम्पन्न हुआ। आर्ट ऑफ लिविंग के सुमेरु गायक अंकित चित्करा ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। पूजन के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

आर्ट ऑफ लिविंग के जिला समन्वयक एवं प्रशिक्षक पुनीत बर्मन और सीए अभिनव अग्रवाल ने बताया कि यह मुरादाबाद के लिए ऐतिहासिक अवसर है, जब मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का सौभाग्य मिला है। स्थापना के पश्चात इन ज्योतिर्लिंगों के दर्शन श्री सोमनाथ मंदिर में ही संभव होंगे।

वैदिक धर्म संस्थान के जिला समन्वयक अभिनव सिंह ने बताया कि सोमनाथ मंदिर भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम और अत्यंत महत्वपूर्ण ज्योतिर्लिंग माना जाता है, जिसे “आदि ज्योतिर्लिंग” भी कहा जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार चंद्रदेव ने भगवान शिव की कठोर तपस्या कर यहां शाप से मुक्ति पाई थी, जिसके कारण इसका नाम सोमनाथ पड़ा।

कार्यक्रम में महानगर के गणमान्य नागरिकों, साधु-संतों, समाजसेवियों, चिकित्सकों, इंजीनियरों, आर्किटेक्ट, सीए, उद्योगपतियों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

एमआईटी कॉलेज के ट्रस्टी डॉ अरविन्द गोयल, वाई.पी. गुप्ता, आदर्श अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, नीरज अग्रवाल तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर स्टेट टीचर कोऑर्डिनेटर रोहित अग्रवाल, प्रशिक्षक सुखवीर सिंह, शीतू छाबड़ा, डॉ. गोपाल कृष्ण शर्मा, विभा अरोड़ा, सीएम अभिनव अग्रवाल, दीप्ति अग्रवाल, अलका वर्मा, रचना बिष्ट, के.के. गुप्ता, रीता अग्रवाल, अजय नारंग, ऋतु नारंग, प्रमोद बिष्ट, धीर कपूर, नीरा चोपड़ा, मणि मिश्रा, श्वेता शर्मा, संत कुमार सिंह सहित अनेक पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story