मुरादाबाद : तालाब की सुरक्षित भूमि पर प्रशासन की सख्ती, अवैध कब्जे से 0.0500 हेक्टेयर भूमि कराई गई मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : तालाब की सुरक्षित भूमि पर प्रशासन की सख्ती, अवैध कब्जे से 0.0500 हेक्टेयर भूमि कराई गई मुक्त


मुरादाबाद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए मुरादाबाद जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत उपजिलाधिकारी बिलारी प्रिंस वर्मा के निर्देशन में राजस्व विभाग ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम रतनपुर कलां में तालाब की सुरक्षित भूमि से अवैध कब्जा हटाकर लगभग 0.0500 हेक्टेयर भूमि को कब्जामुक्त कराया।

उपजिलाधिकारी बिलारी प्रिंस वर्मा ने बताया कि ग्राम रतनपुर कलां के गाटा संख्या 852क, रकबा 0.7890 हेक्टेयर भूमि का राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में अंकन है, यह भूमि सुरक्षित श्रेणी की होने के कारण इस पर किसी भी व्यक्ति को भूमिधरी अधिकार प्राप्त नहीं हो सकता।

मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम रतनपुर कलां निवासी धर्मेन्द्र, मुकेश एवं नरेन्द्र पुत्रगण तेजपाल सिंह द्वारा तालाब की इस भूमि पर अस्थायी रूप से अवैध कब्जा किया गया था। इस पर राजस्व विभाग की टीम ने थाना पाकबड़ा की पुलिस बल की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटाया और लगभग 0.0500 हेक्टेयर भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए सार्वजनिक उपयोग की भूमि की स्थिति बहाल कराई।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story