मुरादाबाद : तहसील सदर के ग्राम रसूलपुर नगली में 21 वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया हुई पूर्ण

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : तहसील सदर के ग्राम रसूलपुर नगली में 21 वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया हुई पूर्ण


मुरादाबाद, 24 अगस्त (हि.स.)। जनपद मुरादाबाद की तहसील सदर के ग्राम रसूलपुर नगली में पिछले करीब 21 वर्षों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया है। जिलाधिकारी/जिला उप संचालक चकबंदी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चकबंदी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों से ग्राम की चकबंदी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया।

05 फरवरी 2005 को चकबंदी प्रक्रियाओं के अंतर्गत सम्मिलित किया गया था। तहसील से प्राप्त आधार वर्ष की खतौनी में ग्राम समाज की विभिन्न मदों में कुल 6.8430 हेक्टेयर भूमि दर्ज थी। चकबंदी प्रक्रिया के दौरान राजस्व अभिलेखों में दर्ज त्रुटिपूर्ण इंद्राजों का परीक्षण एवं निरस्तीकरण करते हुए ग्राम समाज की भूमि को विभिन्न मदों में नियमानुसार दर्ज किया गया।

जिलाधिकारी/जिला उप संचालक चकबंदी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने चकबंदी प्रक्रिया को पूर्ण कराने में योगदान देने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों का शुद्ध, स्पष्ट एवं अद्यतन होना सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण होने से ग्राम की भूमि संबंधी स्थिति अधिक पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित हुई है तथा ग्राम समाज की भूमि का संरक्षण सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी।

ग्राम समाज की भूमि में 62.3210 हेक्टेयर की बढ़ोतरी

चकबंदी प्रक्रिया के दौरान आधार वर्ष के अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए ग्राम समाज की विभिन्न मदों की भूमि का पुनः निर्धारण एवं अभिलेखीकरण किया गया। इसके परिणामस्वरूप ग्राम समाज की भूमि का कुल क्षेत्रफल 6.8430 हेक्टेयर से बढ़कर 69.1640 हेक्टेयर हो गया है।

अर्थात चकबंदी योजना के दौरान ग्राम समाज की विभिन्न मदों में 62.3210 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि दर्ज की गई है। इससे न केवल राजस्व अभिलेख अधिक स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित हुए हैं, बल्कि ग्राम समाज की भूमि का वास्तविक एवं विधिवत अभिलेखीकरण भी सुनिश्चित हुआ है।

विभिन्न सार्वजनिक एवं उपयोगी मदों में हुआ भूमि का स्पष्ट अभिलेखीकरण

चकबंदी के उपरांत ग्राम समाज की भूमि को विभिन्न महत्वपूर्ण मदों में दर्ज किया गया है। आकार पत्र-45 में नवीन परती, पुरानी परती, बंजर, तालाब, नाली, नदी, रामगंगा, आबादी, रास्ता, मुख्य मार्ग, चकमार्ग, कब्रिस्तान, शमशान, पार्क तथा रेत आदि मदों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है।

चकबंदी के बाद दर्ज प्रमुख भूमि का विवरण :

नवीन परती – 3.3300 हेक्टेयर

पुरानी परती – 0.0400 हेक्टेयर

बंजर – 0.0570 हेक्टेयर

तालाब – 0.1130 हेक्टेयर

नाली – 0.0060 हेक्टेयर

नदी – 4.2190 हेक्टेयर

रामगंगा – 0.8870 हेक्टेयर

आबादी – 3.0820 हेक्टेयर

रास्ता – 0.7920 हेक्टेयर

मुख्य मार्ग – 5.1880 हेक्टेयर

चकमार्ग – 7.2540 हेक्टेयर

कब्रिस्तान – 0.5180 हेक्टेयर

शमशान – 0.2000 हेक्टेयर

पार्क – 0.2020 हेक्टेयर

रेत – 43.2760 हेक्टेयर

इन सभी मदों का कुल क्षेत्रफल 69.1640 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story