मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत 2700 युवाओं को मिलेगा बिना ब्याज का ऋण
मुरादाबाद , 13 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत जिले में 2700 युवाओं को स्वरोजगार के लिए पांच-पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए गुरुवार को चार स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
सहायक उद्योग आयुक्त योगेश कामेश्वर ने बताया कि योजना वर्ष 2026-27 में मुरादाबाद जिले को 2700 का लक्ष्य मिला है। इसमें 21 से 40 वर्ष आयु तक के युवा अपना स्वयं का रोजगार व नई इकाई /उद्योग स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना किसी ब्याज के बैंकों के माध्यम से ले सकते हैं। युवा आवेदन विभाग की वेबसाइट https://msme. up.gov.in/ पर भेज सकते हैं।
इसके लिए 14 मई को सुबह 11 बजे से ब्लॉक ठाकुरद्वारा व ब्लॉक मूंढापांडे व दोपहर बाद तीन बजे से नगर पालिका ठाकुरद्वारा व नगर पंचायत महमूदपुर माफी में शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऋण आवेदनपत्र में पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, शैक्षिक योग्यता अंकपत्र, बैंक पासबुक, प्रशिक्षण प्रमाण पत्र (यदि हो) की फोटोप्रति, कुटेशन एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करना होगा। आवेदक की न्यूनतम शैक्षिक अर्हता कक्षा आठ पास होनी चाहिए। इसमें स्वयं का अंशदान 15 प्रतिशत, पिछड़ी जाति के लिए 12.5 प्रतिशत व अनुसूचित जाति का अंशदान 10 प्रतिशत होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

