मलिन बस्तियों में गरीबों को मुफ्त इलाज देगी मोबाइल मेडिकल वैन : सांसद

WhatsApp Channel Join Now
मलिन बस्तियों में गरीबों को मुफ्त इलाज देगी मोबाइल मेडिकल वैन : सांसद


कानपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। गरीबों और जरूरतमंदों को उनके घर के पास मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कानपुर लोकसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों में मोबाइल मेडिकल वैन पहुंचाई जाएगी। वैन के जरिए मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और जरूरी दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उचित चिकित्सा केंद्रों पर भेजा जाएगा। सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत मोबाइल मेडिकल वैन जनता की सेवा के लिए समर्पित की। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने इसे जनसेवा की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर यह पहल की गई है। मोबाइल मेडिकल वैन उन गरीब परिवारों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाएगी, जिन्हें आर्थिक कठिनाइयों या अन्य कारणों से समय पर इलाज नहीं मिल पाता। वैन में अनुभवी चिकित्सक मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श देंगे और आवश्यक दवाएं भी मुफ्त दी जाएंगी।

जगदीश ईश्वर भाई पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाना है। सांसद रमेश अवस्थी ने मोबाइल मेडिकल वैन समर्पित कर इस भावना को साकार करने का काम किया है। बस्तियों के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सकेगा। इससे समाज में सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी मजबूत होगी।

मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से लोकसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों में नियमित रूप से पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल को सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में राकेश सचान, महेश त्रिवेदी समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story