मथुरा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा राष्ट्रप्रेम का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा राष्ट्रप्रेम का सैलाब


मथुरा, 11 अगस्त(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत मथुरा में मंगलवार देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मंडी समिति मथुरा से पाली खेड़ा तक एक अत्यंत भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामकर देशभक्ति के गगनभेदी नारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा यात्रा का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहा हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रत्येक नागरिक को एकता और अखंडता के सूत्र में बांधने का पावन कार्य कर रहा है।

उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस से राष्ट्रध्वज का सदैव सर्वाेच्च सम्मान करने और देश की अखंडता के प्रति संकल्पित रहने की अपील की। इस दौरान जिला महानगर अध्यक्ष राजू यादव सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि जिपंअ का पटुका पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह क्षेत्रवासियों द्वारा पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। देशभक्ति के गीतों और भारत माता की जय के उद्घोष से पाली खेड़ा तक का पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति की ऊर्जा से सराबोर नज़र आया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story