मंडल स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन, युवाओं ने विभिन्न विधाओं में दिखाई प्रतिभा
मुरादाबाद, 05 नवम्बर (हि.स.)। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग, जनपद मुरादाबाद के तत्वावधान में मंडल स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन आरएसडी एकेडमी, रामगंगा विहार, मुरादाबाद में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला वैज्ञानिक अधिकारी, जनपद मुरादाबाद द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस वर्ष युवा उत्सव की थीम नशा मुक्त युवा, विकसित भारत रखी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवा उत्सव में विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने पांच विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें लोकगीत समूह, लोकनृत्य समूह, पेंटिंग प्रतियोगिता, कविता लेखन प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गईं।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं समूहों को मुख्य अतिथि आरएसडी डायरेक्टर डॉ. विनोद कुमार, डॉ. मयंक शर्मा, डॉ. अजय शर्मा, सुरेश चन्द्र शर्मा क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी एवं श्री सिद्धार्थ, जिला युवा कल्याण अधिकारी, मुरादाबाद द्वारा संयुक्त रूप से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एसपी सिंह सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), जनपद मुरादाबाद द्वारा किया गया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका मनीला जेम्स, सुधा शर्मा एवं नीलम रस्तोगी द्वारा निभाई गई।
परिणाम
पेंटिंग प्रतियोगिता:
प्रथम - जोहा अरशद, प्रभा देवी इंटर कॉलेज
द्वितीय - अमान अली, आर.आर.के. इंटर कॉलेज
तृतीय - खुशी, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज
कविता लेखन प्रतियोगिता:
प्रथम - रिया सैनी, जेआर अग्रवाल इंटर कॉलेज
द्वितीय -रागिनी वर्मा, जे.आर. अग्रवाल इंटर कॉलेज
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता:
प्रथम - मैथोडिस्ट इंटर कॉलेज,
लोकगीत समूह प्रतियोगिता:
प्रथम: केसीएम स्कूल
द्वितीय: प्रताप सिंह कन्या इंटर कॉलेज
लोकनृत्य समूह प्रतियोगिता
प्रथम: प्रताप सिंह कन्या इंटर कॉलेज
द्वितीय: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

