भूजल संरक्षण को जनभागीदारी से बनाया जाएगा जनआंदोलन : आलोक कुमार सिंह

WhatsApp Channel Join Now
भूजल संरक्षण को जनभागीदारी से बनाया जाएगा जनआंदोलन : आलोक कुमार सिंह


कानपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। भूजल संरक्षण सप्ताह के दौरान जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण चौपाल, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जनभागीदारी से भूजल संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जाएगा। यह बातें गुरुवार को बिल्हौर के मकनपुर में अभियान के शुभारंभ के दौरान परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह ने कहीं।

जिले में भूजल संरक्षण सप्ताह की शुरुआत के साथ गांवों और शहरों में जल संरक्षण को लेकर विशेष अभियान शुरू हो गया है। पहले दिन बिल्हौर विकासखंड के मकनपुर गांव में ईशन नदी के जीर्णोद्धार कार्य का भूमि पूजन किया गया। इसके बाद परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनोरमा, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, लघु सिंचाई विभाग की सहायक अभियंता अर्चना सिंह, हाइड्रोलॉजिस्ट, खंड विकास अधिकारी तथा ग्रामीणों ने नदी तट पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया।

इस दौरान आयोजित चौपाल में ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। सभी को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा नदी तट पर पौधरोपण के साथ अमृत सरोवर सहित अन्य जल स्रोतों का पूजन भी किया गया।

भूजल संरक्षण सप्ताह के तहत जिले की सभी 590 ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण चौपाल आयोजित की जा रही हैं। ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा दूषित जल से होने वाली बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही पुराने तालाबों, कुओं और सरोवरों की सफाई एवं गहरीकरण का कार्य भी तेज कर दिया गया है।

सरकारी भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लघु सिंचाई विभाग पुराने चेक डैमों की मरम्मत और रखरखाव करा रहा है, ताकि वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित किया जा सके।

शहरी क्षेत्र में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत बहुमंजिला इमारतों, सरकारी कार्यालयों और निजी आवासीय सोसायटियों का सर्वे कराया जा रहा है। जिन भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं है, वहां नए सिस्टम विकसित किए जाएंगे। नगर निगम का जलकल विभाग विभिन्न जोनों में कार्यशालाओं और शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा।

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग जिले की 90 न्याय पंचायतों के विद्यालयों में चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित करा रहा है। सप्ताह का समापन 22 जुलाई को जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों, ग्राम प्रधानों, अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, संयुक्त विकास आयुक्त कार्यालय से जल संरक्षण का संदेश लेकर विशेष जनजागरूकता प्रचार रथ भी रवाना किया गया, जो कानपुर मंडल के विभिन्न जनपदों में लोगों को वर्षा जल संचयन और भूजल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story