भारतीय संस्कृति में बहन की रक्षा के संकल्प का पर्व है रक्षाबंधन : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय संस्कृति में बहन की रक्षा के संकल्प का पर्व है रक्षाबंधन : पंकज चौधरी


लखनऊ, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को पवित्र रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और रक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। भारतीय संस्कृति की विशेषता में परिवार के प्रति दायित्व-बोध और कर्तव्य-भाव का संकल्प निहित है। इसलिए हमारे प्रत्येक पर्व में पारिवारिक संबंधों की आत्मीयता को प्रगाढ़ करने के साथ-साथ अपने दायित्वों और संकल्पों को दृढ़ करने का भाव भी समाहित रहता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पर्व केवल उत्सव और आनंद के अवसर नहीं हैं, बल्कि वे समाज, संस्कृति, प्रकृति और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों का बोध कराने वाले अवसर भी हैं। रक्षाबंधन हमें अपने संबंधों की गरिमा, परस्पर रक्षा, विश्वास, सामाजिक समरसता और एक-दूसरे के प्रति दायित्व का स्मरण कराता है। आइए, हम सभी इस पावन पर्व को अपनी पारिवारिक एवं सामाजिक परंपराओं को सुदृढ़ करने तथा समाज में प्रेम, सौहार्द और आत्मीयता का संदेश देते हुए हर्षोल्लास के साथ मनाएं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि युगों-युगों से रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को स्नेह, विश्वास और रक्षा के धागों से बांधता आया है। यह पर्व परिवार की एकता और आत्मीयता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में परस्पर सम्मान, सहयोग और सद्भाव की भावना को भी सुदृढ़ करता है।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति की उस महान परंपरा का प्रतीक है, जिसमें रिश्ते केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि कर्तव्य, विश्वास और संकल्प से भी जुड़े होते हैं। यह पर्व हमें अपने संबंधों के प्रति संवेदनशील होने के साथ-साथ अपने व्यापक सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।

धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर हम सभी अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लें तथा आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और सद्भाव को और अधिक मजबूत बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story