भाजपा जिला कार्यशाला में गूंजा ‘विकसित भारत’ का संकल्प
गोरखपुर, 28 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी गोरखपुर जिला इकाई द्वारा बृहस्पतिवार को रानीडीहा स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित जिला कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर व्यापक मंथन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् गीत के साथ किया गया। कार्यशाला में जिले के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह कालखंड केवल विकास का नहीं बल्कि जनविश्वास, सुशासन और राष्ट्र गौरव का काल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का मस्तक विश्व मंच पर ऊँचा करने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। आज भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
डॉ. धर्मेन्द्र सिंह ने आगामी 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से उन्हें पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का आंदोलन है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जिले के सभी मंडलों में व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। वहीं 8 से 14 जून तक विशेष संपर्क अभियान चलाकर 500 प्रबुद्धजनों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। सांसद एवं विधायक कम से कम 50 प्रमुख लोगों से स्वयं संपर्क करेंगे, जबकि अन्य नाम संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 13 एवं 14 जून को मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा 14 से 16 जून तक सभी ब्लॉकों में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से पात्र वंचितों को सरकार की लाभकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा 16 एवं 17 जून को “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित कर 500 से अधिक प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि 17 से 20 जून तक केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित कर विशेषज्ञों एवं प्रगतिशील किसानों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। 21 जून को जिले के सभी मंडलों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा।
कार्यशाला का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य ने किया।
इस अवसर पर पिपराइच विधायक महेन्द्र पाल सिंह, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ल, पूर्व जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, मॉर्कण्डेय राय, वंशबहादुर सिंह, राधेश्याम सिंह, विभ्राट चन्द कौशिक, विजय शंकर यादव, डॉ. आरडी सिंह, महन्त सिंह, डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, राजाराम कन्नौजिया, उमाशंकर निषाद, योगेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

