भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मनाया गुरु पूर्णिमा का महापर्व

WhatsApp Channel Join Now
भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मनाया गुरु पूर्णिमा का महापर्व


-मठ मंदिरों और आश्रमों में पहुंच लाखों शिष्यों ने गुरुजनों का पूजन कर लिया आर्शीवाद

-गुरूपूर्णिमा को लेकर चित्रकूट तीर्थ क्षेत्र में प्रषासन ने किये सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

चित्रकूट, 29 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ के रूप में विख्यात भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। देश भर से आए लाखों शिष्यों ने देव गंगा मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगाने के बाद मनोकामनाओं के पूरक भगवान श्री कामतानाथ सरकार के दर्शन किये। इसके बाद अपने-अपने गुरुजनों के मठ-मंदिरों और आश्रमों में पहुंचकर गुरुओं का पूरे विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर आर्शीवाद लिया। वहीं गुरु जनों ने भी अपने शिष्यों को सुख-समृद्धि से परिपूर्ण निरोगी जीवन का आर्शीवाद दिया। इसके अलावा गुरू जनों ने शिष्यों को राष्ट्र मंगल की कामना के साथ गिरि,गंगा,गाय और पर्यावरण के संरक्षण के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया।

अनादि काल से ऋषि मुनियों की तपोभूमि रहीं भगवान श्रीराम की संकल्प भूमि चित्रकूट में गुरु पूर्णिमा पर्व का विशेष महत्व है। देश भर से लाखों की संख्या में चित्रकूट पहुंचे शिष्यों ने कामदगिरि पीठ चित्रकूट में जगद्गुरू स्वामी रामस्वरूपाचार्य जी महाराज,महंत डॉ मदन गोपाल दास महाराज,मंदाकिनी के रामघाट पर स्थित भरत मंदिर में दिगम्बर अखाड़ा के महंत दिव्य जीवन दास महाराज और जग निवास में अंतर्राष्ट्रीय भागवताचार्य आचार्य नवलेश जी महाराज एवं गायत्री शक्तिपीठ में भागवताचार्य डा0 राम नारायण त्रिपाठी,रामायणी कुटी में महंत राम हृदय दास महाराज,डंडा सरकार आश्रम में डंडा सरकार महाराज का दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया। गुरुजनों ने शिष्यों को गुरु दीक्षा देने के साथ साथ उनके कल्याण और जीवन में सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर चित्रकूट के प्रमुख मठों, आश्रमों और मंदिरों में गुरु पूजन, भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन तथा भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।

कामतानाथ मंदिर, मंदाकिनी के रामघाट तट तथा अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की। गुरूपूर्णिमा के पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह द्वारा द्वारा मेला परिक्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरे दिन प्रमुख स्थलों पर मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल

Share this story