भंडारों से हमारे समाज में बढ़ता है मेल मिलाप : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भंडारों से हमारे समाज में बढ़ता है मेल मिलाप : अखिलेश यादव


लखनऊ, 16 जून (हि.स.)। हमारे भारत की संस्कृति, उन परंपराओं को लखनऊ ने बचाया हुआ है। शायद देश में इकलौता शहर होगा जो सदियों पुरानी परंपराओं को आज भी जीवित रखे है। भंडारों से हमारे समाज में मेल मिलाप होता है। यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में उप्र सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कार्यालय पर आयोजित भंडारे में पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए कही।

अखिलेश यादव ने कहा कि उस समय जब चढ़ावे को लेकर चिंता है, ऐसे समय आप दान (भंडारा) कर रहे हैं। एक दूसरे से सहयोग लेकर भंडारा कर रहे हैं। पेट पूजा से बड़ी कोई पूजा नहीं। सपा अध्यक्ष ने मंदिर में चोरी के सवाल पर कहा कि प्रभु श्री राम को मानने वाले, उनके रास्ते पर चलने वाले बहुत दुखी हैं। हमारी आपकी कानूनी एफआईआर संविधान वाली है। वह अलग विषय है। जो भगवान की एफआईआर लिख जाएगी, उसका क्या करोगे आप ?

अखिलेश यादव ने कहा कि जो इंडिया (आईएनडीआईए) गठबंधन रहा है, वही इंडिया गठबंधन रहेगा। उप्र में जल्दी विधानसभा चुनाव कराने के सवाल का जवाब देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता, नेता से ज्यादा जनता चुनाव के तैयार है। ये सरकार अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले चुनाव नहीं कराएगी। इसलिए यह अफवाह फैलायी गयी है कि नवंबर में चुनाव करा देंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी भी भंडारे में साथ पहुंचे थे। सभी ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों के प्रति आभार जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story