ब्रह्माकुमारीज ने की अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह की शुरुआत
प्रयागराज, 13 जून (हि.स)। बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह का प्रयागराज में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा धनुवा स्थित मुख्य सेवा केन्द्र में विधिवत उद्घाटन शनिवार को किया गया। संस्था के मुख्य सेवा केंद्र सद्भावना भवन में एक बड़े योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के प्रतिष्ठित योगाचार्य एवं योग के इच्छुक लोग हजारों की तादाद में शामिल हुए। इस अवसर पर योग विभाग, रज्जू भैया राज्य विश्वविद्यालय के विभागाचार्य डॉक्टर मुकेश द्विवेदी एवं उनकी शिष्या द्वारा विभिन्न योगासनों एवं योग क्रियाओं का अभ्यास उपस्थित जनमानस को कराया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज की क्षेत्रीय संयोजिका मनोरमा दीदी ने कहा कि योग केवल कुछ आसनों तक सीमित नहीं है। यह हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है जो हमारे संयम, नियम, आहार, विहार, विचार, वाणी, कर्म सब में परिलक्षित होता है। उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज के प्रत्येक सेवा केंद्र में 365 दिन राजयोग का अभ्यास किया जाता है। उन्होंने राजयोग को मनुष्य आत्माओं द्वारा स्वयं को जागृत कर अपने पिता परमात्मा से जुड़ने का एक सहज माध्यम बताया। जिससे हमारा मन पवित्र, बुद्धि सतोगुणी और संस्कार दिव्य बनते हैं। कार्यक्रम में श्रद्धा ने सभी उपस्थित लोगों को राजयोग का अभ्यास भी कराया।अनिल कुमार गुप्ता, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस प्रयागराज ने इस अवसर पर संस्था एवं उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर डॉ. रमनपुरी महाराज, पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने लोगों को ब्रह्माकुमारीज द्वारा सिखाए जाने वाले राजयोग एवं ज्ञान को अपने जीवन में धारण करने का आग्रह किया। मंच संचालन प्रियंवदा ने किया। इस अवसर पर लगभग एक हजार लोगों ने कार्यक्रम में राजयोग एवं योगासनों का अभ्यास किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

