बाराबंकी : फसल नुकसान का भौतिक सत्यापन शुरू
जिले के करीब 50 ग्राम पंचायतों में पहुंची कृषि विभाग की टीमें, किसानों को राहत मिलने की उम्मीद
बाराबंकी, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की रामनगर तहसील के सैकड़ों गांवों में अतिवृष्टि और लगातार बारिश से फसलों को हुए नुकसान के आकलन के लिए कृषि विभाग ने गांव-गांव जाकर भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया है। शासन की मंशा और जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में कृषि विभाग की टीमें विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति का जायजा ले रही हैं। सत्यापन के बाद तैयार रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसी के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार आवश्यक लाभ एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
भौतिक सत्यापन के लिए न्याय पंचायत प्रभारी, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि और राजस्व लेखपालों को लगाया गया है। टीमें खेतों में पहुंचकर बारिश और जलभराव से फसलों को हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण कर रही हैं। प्रारंभिक स्थिति में कई क्षेत्रों में फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
कृषि विभाग की टीमों ने रामपुर खरगी, दतौली, त्रिलोकपुर, बुधेड़ा, थल खुर्द, दलसराय, कटियार समेत करीब 50 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर फसलों का भौतिक सत्यापन किया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसानों से भी जानकारी ली और खेतों में पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।
सहायक विकास अधिकारी कृषि डा. दलबीर सिंह के नेतृत्व में स्टोर इंचार्ज प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा, न्याय पंचायत प्रभारी अश्वनी रैकवार, प्रियंका रावत, आरती जैसवाल, वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार यादव और निशा पांडेय समेत अन्य कर्मचारियों ने गांव-गांव भ्रमण किया। टीमों ने मौके पर मिली स्थिति के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को सौंप दी है।
अधिकारियों के मुताबिक सभी ग्राम पंचायतों से प्राप्त रिपोर्ट को संकलित कर शासन को भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार पात्र किसानों को फसल नुकसान के आधार पर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

