बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पुरानी पत्रावली व्यवस्था बहाल करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पुरानी पत्रावली व्यवस्था बहाल करने की मांग


देवरिया, 29 जुलाई (हि.स.)। सदर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बुधवार को तहसील परिसर में न्यायिक कार्यों में आ रही समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष किशोर तिवारी एडवोकेट के नेतृत्व तथा मंत्री विजयसेन यादव एडवोकेट के संचालन में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए वर्षों पुरानी पत्रावली (अभिलेख) व्यवस्था को तत्काल बहाल करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के बाद आयोजित आमसभा में अधिवक्ताओं ने कहा कि पत्रावली व्यवस्था में बदलाव के बाद न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। समय पर पत्रावलियां उपलब्ध नहीं होने से वादकारियों और अधिवक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से पूर्व की व्यवस्था तत्काल लागू करने की मांग की, ताकि न्यायिक कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

आमसभा में तहसील कार्यालय में कुशल कंप्यूटर ऑपरेटरों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। अधिवक्ताओं का कहना था कि तकनीकी कर्मचारियों की कमी के कारण राजस्व एवं न्यायिक कार्यों में विलंब हो रहा है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संगठन के विभिन्न पदों पर मनोनयन भी किया गया। अनिल कुमार को कोषाध्यक्ष, आशुतोष साहनी को पुस्तकालयाध्यक्ष, विष्णु प्रकाश गुप्ता को ऑडिटर तथा अतुल आस्ताना, सुरेंद्र कुमार निषाद, रामसरन यादव, नजीर अहमद और पूजा पांडेय को कार्यकारिणी सदस्य नामित किया गया।

अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया कि उनकी मांगों एवं पारित प्रस्तावों का ज्ञापन जिलाधिकारी को भेजा जाएगा। इस दौरान अजय कुमार त्रिपाठी, अम्बरीष मिश्रा, राजाराम, विवेकानंद, राधेश्याम पटेल, राजेश सिंह, इमरान, यूसुफ, रविंद्र यादव, राजीव त्रिपाठी, ज्ञानेंद्र पांडेय, विनोद सिंह, दिनेश यादव, रामगीता यादव, रजत श्रीवास्तव, बेचू चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story