बागपत : आईपीएस कॉलेज में भूकम्प आपदा को लेकर मॉकड्रिल, छात्रों को सिखाए गए बचाव के तरीके

WhatsApp Channel Join Now
बागपत : आईपीएस कॉलेज में भूकम्प आपदा को लेकर मॉकड्रिल, छात्रों को सिखाए गए बचाव के तरीके


बागपत, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को आईपीएस कॉलेज, बागपत में फायर यूनिट और कोतवाली बागपत पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से भूकम्प जैसी आकस्मिक आपदा को लेकर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर छात्रों और स्टाफ को जागरूक किया गया।

मॉकड्रिल के दौरान अचानक भूकम्प की स्थिति उत्पन्न होने का सीन तैयार किया गया, जिसमें भवन के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। पुलिस और फायर यूनिट की टीमों ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और प्राथमिक उपचार के साथ घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर हुए इस कार्यक्रम में फायर यूनिट के अधिकारियों ने छात्रों और कॉलेज स्टाफ को आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि भूकम्प के दौरान घबराने की बजाय संयम बनाए रखना बेहद जरूरी है और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना ही सबसे सुरक्षित उपाय है। इस दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े उपकरणों के सही उपयोग, समन्वय और त्वरित कार्रवाई पर भी विशेष जोर दिया गया। मॉकड्रिल के माध्यम से पुलिस और फायर विभाग के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने का अभ्यास किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और पुलिस व फायर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Share this story